बिजली घर विवाद ने पकड़ा तूल, ग्रामीणों के बाद बिजली कर्मचारियों ने भी खोला मोर्चा एडवोकेट से कथित मारपीट मामले में गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीण धरने पर कर्मचारियों ने शिकायत देकर सुरक्षा और कार्रवाई की उठाई मांग

1
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट के 33 केवी बिजलीघर में 16 सितंबर की रात एडवोकेट प्रवीण कुमार के साथ कथित मारपीट और धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एक ओर किसान और ग्रामीण आरोपित बिजली कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली कर्मचारियों की यूनियनें अपने कर्मचारियों के समर्थन में उतर आई हैं। कर्मचारियों ने विद्युत कार्यालय में प्रदर्शन कर अधिकारियों को शिकायत सौंपते हुए प्रवीण कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कर्मचारियों की गिरफ्तारी पहले की गई और कर्मचारियों की ओर से दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिला जींद के बिजली कर्मचारी पेन-डाउन और टूल-डाउन आंदोलन करने को मजबूर हो सकते हैं।
बाक्स:
बिजली कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप
बिजली कर्मचारियों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने आरोप लगाया कि प्रवीण कुमार और उनके साथी कथित तौर पर बिजलीघर में अनधिकृत प्रवेश कर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, धमकी और मारपीट करते हैं। कमेटी ने 22 मई की कथित घटना का हवाला देते हुए कहा कि उस समय सरकारी रिकॉर्ड फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की शिकायत भी पुलिस को दी गई थी। कमेटी के अनुसार 25 मई के बाद 29 मई, 5 जून और 30 जून को रिमाइंडर भी दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने 16 सितंबर की घटना का जिक्र करते हुए प्रवीण कुमार पर कथित रूप से नशे की हालत में बिजलीघर पहुंचकर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार और मारपीट करने के आरोप लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि मौके पर 112 पुलिस टीम पहुंची थी। उन्होंने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने की बात कही है। कमेटी ने बिजलीघर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई से पहले उनकी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की है। बिजली कर्मचारियों ने भी चेतावनी दी है कि उनके किसी कर्मचारी की गिरफ्तारी हुई और उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे पेन-डाउन और टूल-डाउन आंदोलन कर सकते हैं।
बाक्स:
ग्रामीणों का धरना जारी
वहीं एडवोकेट प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि घर की बिजली खराब होने की शिकायत दर्ज कराने बिजलीघर पहुंचने पर लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने चोट पहुंचाने, शिकायतें वापस लेने के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र, लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके बाद ग्रामीण हटकेश्वर तीर्थ के पास धरने पर बैठ गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने गिरफ्तारी नहीं होने पर बिजलीघर पर तालाबंदी की चेतावनी दी है।
बाक्स:
8 गांवों की बिजली हुई प्रभावित
किसान धूप सिंह, कामरेड राधेश्याम, महेंद्र बुरा, नवीन मलिक ने कहा कि इस मामले में बिजली कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ टकराव शुरू कर दिया है। बिजली कर्मचारियों ने रात्रि से बिजली सप्लाई को बंद कर दिया है। ऐसे में हाट 33 केवीए पावर हाऊस से जुड़े 8 गांव हाट, रामनगर, हरिगढ़, सरफाबाद, रोझला, बिटानी, मलार, कलावती व होशियारपुरा की बिजली सप्लाई ठप्प हो गई है। जिस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाक्स:
बिजली निगम का एक कर्मचारी गिरफ्तार
सदर थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि गांव हाट में एडवोकेट प्रवीन कुमार के साथ हुई मारपिटाई मामले में आरोपी लाईनमैन रवि को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय में पेश एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Loading