यमुनानगर : पुराना हमीदा की आनंद कॉलोनी में रात के समय एक मकान में घुसकर चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य मकान की निचली मंजिल पर सो रहे थे। ऊपरी मंजिल से कुछ गिरने की आवाज सुनकर परिवार जागा और ऊपर पहुंचा तो कमरे का सामान बिखरा मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आनंद कॉलोनी निवासी शीला ने पुलिस को बताया कि वह एक फैक्ट्री में काम करती है और अपने परिवार के साथ रहती है। रात करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी सदस्य नीचे के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल से अचानक कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर शीला ने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। इसके बाद सभी लोग ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचे। वहां पहुंचने पर कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे में रखी लोहे की पेटी का कब्जा और ताला भी टूटा हुआ था।
परिवार ने पेटी और अन्य सामान की जांच की तो उसमें रखे करीब 30 हजार रुपए नकद गायब मिले। शीला के अनुसार चोर सोने के कई आभूषण भी ले गए। इनमें सोने का गले का एक सेट, दो मंगलसूत्र, माथे का टीका और करीब आधा तोला सोने की नथ शामिल है।
इसके अलावा चांदी के आभूषण भी चोरी होने की शिकायत दी गई है। परिवार के मुताबिक इनमें करीब छह तोले की दो पाजेब और करीब सात तोले का चांदी का कमरबंद शामिल है। परिवार ने चोरी हुए जेवरों की कीमत तीन लाख रुपए से अधिक बताई है।
आशंका है कि परिवार के जागने की आहट मिलने के बाद चोर मौके से निकल गया। परिवार के सदस्य जब तक ऊपरी मंजिल पर पहुंचे, वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद घर में रखे सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हमीदा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई।
सिटी थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार शीला की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आरोपी की पहचान से जुड़ा कोई सुराग मिल सके।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी मकान में किस रास्ते से दाखिल हुआ और वारदात में एक या एक से अधिक लोग शामिल थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
![]()











