सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की जा रही हैं गतिविधियां : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

2
Safidon Seva Sankalp Abhiyan
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा आगामी 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत उपमंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फ्रस्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम सफीदों उपमंडल को दीपों से रोशन किया गया था। आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के तहत हजारों की संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। श्री नागक्षेत्र मंदिर, अमृत सरोवर के तहत जीर्णोद्धार किए गए तालाबों, पीएम श्री स्कूलों, बूथों, गौशालाओं, सरकारी भवनों तथा विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के मेरे सपनों का भारत मॉड्यूल के तहत उपमंडल के पीएम श्री स्कूलों सहित विभिन्न स्कूलों में पेंटिंग वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को व्यायामशालाओं में योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। 24 सितंबर को नगर पालिका द्वारा प्लास्टिक मुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार 25 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नाट्य मंडली द्वारा 25 सितंबर को सुबह सफीदों के लघु सचिवालय परिसर, दोपहर स्थानीय बस अड्डा तथा शाम स्थानीय अग्रसेन चैक पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा 26 सितंबर को सुबह पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी, दोपहर जामनी चैक तथा शाम बूढ़ाखेड़ा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नजदीक सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को सभी कॉलेजों में करियर काउंसलिंग सत्र, 27 सितंबर को पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र द्वारा नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता कार्यक्रम तथा 28 सितंबर को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 29 सितंबर को युवाओं में संबंधित विभागों द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा की जाएगी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि 1 अक्टूबर को खेल विभाग द्वारा फिट इंडिया से संबंधित गतिविधियां, 2 अक्टूबर को जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय द्वारा वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम तथा 3 अक्टूबर को चुनाव कार्यालय द्वारा मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करना तथा उन्हें सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ना है।

Loading