सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर में एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में सफीदों पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चक्रवर्ती निवासी गांव हाट और शीलू निवासी गांव मलार के रूप में हुई है। मामले का खुलासा करते हुए थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सफीदों मंडी स्थित गुरुद्वारा कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता संजय शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर विदेशी वॉट्सऐप नंबरों के जरिए अचानक कॉल और मैसेज आने शुरू हुए। आरोपियों ने सीधे तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती (रंगदारी) की मांग की और रकम न देने की सूरत में पीड़ित और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की गंभीर धमकियां दीं। अचानक मिली इस धमकी से पीड़ित परिवार बेहद भयभीत हो गया, जिसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना शहर सफीदों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अत्याधुनिक साइबर एवं तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। संदिग्ध मोबाइल नंबरों, वॉट्सऐप चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस की टीम आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों मुख्य आरोपियों चक्रवर्ती व शीलू को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर दिया गया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
![]()











