पंचकूला : कालका क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड नंबर 18 की महादेव कॉलोनी में 10 से 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। अजगर नर्सरी और गढ़वाली मोहल्ले के बीच स्थित एक गली में दिखाई दिया। लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत वन्यजीव रेस्क्यू टीम को दी।
सूचना मिलने के बाद वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अजगर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। काफी प्रयास के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। समय रहते अजगर को पकड़ लिए जाने से किसी व्यक्ति या जानवर को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय गली में अचानक इतने बड़े अजगर को देखकर लोग घबरा गए। अजगर की लंबाई करीब 10 से 12 फीट बताई जा रही है। रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक आसपास के लोगों ने उससे दूरी बनाए रखी।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन घटना के साथ ही कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की कमी का मुद्दा भी सामने आया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महादेव कॉलोनी की कई गलियों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में अंधेरा रहता है।
लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण रात के समय पैदल आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर समय रहते उनका पता लगाना भी मुश्किल हो जाता है। अजगर मिलने की घटना के बाद लोगों ने गलियों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग तेज कर दी है।
भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुख सतीश कुमार ने कालका विधायक और नगर परिषद अध्यक्ष से वार्ड नंबर 18 की गलियों में जल्द स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में पर्याप्त रोशनी होने से स्थानीय निवासियों को रात में आने-जाने में सुविधा होगी और संभावित दुर्घटनाओं का खतरा भी कम किया जा सकेगा।
सतीश कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्ट्रीट लाइट की समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। खासकर उन गलियों और रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था जरूरी है, जहां रात के समय लोगों का आवागमन रहता है।
फिलहाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद से कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई है।
![]()











