धान खरीद को लेकर शाहाबाद में दूसरे दिन भी किसान डटे, चढ़ूनी ने बुलाई संगठनों की बैठक; GT रोड पर पुलिस का पहरा

2
Kurukshetra Farmer Protest

कुरुक्षेत्र : हरियाणा में धान की सरकारी खरीद तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर शाहाबाद में किसानों का आंदोलन बुधवार को भी जारी है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने अन्य किसान संगठनों से शाहाबाद पहुंचने की अपील की है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी के मुताबिक विभिन्न संगठनों के साथ बैठक के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

एक दिन पहले मंगलवार को किसानों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। किसान GT रोड यानी NH-44 की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। किसानों के आगे बढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। इसके बाद किसानों ने शाहाबाद-बराड़ा रोड पर धरना शुरू कर दिया था।

बुधवार को भी शाहाबाद में किसानों का जमावड़ा बना हुआ है। धरनास्थल पर टेंट लगाया गया है, जबकि GT रोड और आसपास पुलिस बल तैनात है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से भी आंदोलन को समर्थन मिलने की बात सामने आई है।

गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि किसानों की मुख्य मांग धान की सरकारी खरीद तत्काल शुरू कराना है। उनका कहना है कि मंडियों में धान की आवक हो रही है और खरीद में देरी से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चढ़ूनी ने खरीद प्रक्रिया और पोर्टल वेरिफिकेशन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय पर वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण अब प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका बनी हुई है। ये आरोप किसान संगठन की ओर से लगाए गए हैं।

दूसरी तरफ प्रशासन का कहना है कि धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू कराने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा के मुताबिक केंद्र से मंजूरी मिलने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन ने किसानों से बातचीत के जरिए मामला सुलझाने और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित नहीं करने की अपील की है।

इस बीच बुधवार सुबह कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में भी कई किसान नेताओं के घरों पर पुलिस पहुंचने की जानकारी सामने आई। कुरुक्षेत्र में भगत सिंह किसान यूनियन के जिला प्रधान संजू नंबरदार और प्रदेश महासचिव संजीव आलमपुर को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है।

पानीपत में किसान नेता एवं उग्राखेड़ी के पूर्व सरपंच बिंटू मलिक को घर पर रोके जाने की जानकारी है। वहीं करनाल में किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस और CIA की टीमें कुछ पदाधिकारियों के घर पहुंचीं। किसान संगठनों की ओर से पुलिस कार्रवाई को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।

मंगलवार को आंदोलन से पहले किसान प्रतिनिधियों और कुरुक्षेत्र प्रशासन के बीच बैठक हुई थी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसान GT रोड की ओर बढ़े। पुलिस ने शाहाबाद-बराड़ा रोड पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया।

इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर GT रोड और फ्लाईओवर तक पहुंच गए थे। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। टकराव के दौरान वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद किसान शहीद ऊधम सिंह स्मारक के पास धरने पर बैठ गए।

अब किसान संगठनों की बैठक पर नजर है। चढ़ूनी ने कहा है कि विभिन्न संगठनों से बातचीत के बाद आगे का फैसला सामूहिक रूप से लिया जाएगा। ऐसे में प्रशासन ने भी शाहाबाद और GT रोड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा रखी है।

Loading