हांसी के बॉक्सर दीपक हत्याकांड में चार युवक गिरफ्तार, बहन को लेकर टिप्पणी पर विवाद की बात आई सामने

2
Hansi Boxer Deepak Murder

हांसी : धर्मखेड़ी गांव के बॉक्सर दीपक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें गांव जैब भरान के प्रिंस और राकेश, धर्मखेड़ी का अजय तथा एक अन्य युवक शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में प्रिंस और दीपक के बीच प्रिंस की बहन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। अन्य तीन युवकों की वारदात में भूमिका अभी जांची जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन कुछ युवक रिट्ज कार से गांव आए थे। वे गांव की दुकानों पर यूपीआई के जरिए पैसे निकलवाने के लिए घूमे थे। ग्रामीणों ने भी उन्हें कार में देखा था। जांच में सामने आया है कि कार प्रिंस के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस कार और उस दिन युवकों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि दीपक ने प्रिंस की बहन का रिश्ता अपनी मौसी के लड़के से करवाया था। पुलिस के मुताबिक, घटना की रात युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बहन के बारे में कथित टिप्पणी को लेकर प्रिंस और दीपक के बीच विवाद हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में प्रिंस पर कस्सी और बीयर की बोतलों से दीपक की हत्या करने का आरोप सामने आया है।

दीपक का मोबाइल फोन घटना के बाद से नहीं मिला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दीपक भी घटना वाले दिन एक दुकान पर यूपीआई के जरिए पैसे निकलवाने गया था, लेकिन कितनी रकम निकाली गई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

पूछताछ में अजय ने पुलिस को बताया कि वह खेत में हुक्का भरने गया था और फिर लौट आया था। उसके अनुसार, दीपक ने ही उसे गांव में छोड़ा था। पुलिस इस बयान के साथ राकेश और चौथे युवक की भूमिका की जांच कर रही है।

दीपक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया था। इसके बाद धर्मखेड़ी में उसका अंतिम संस्कार हुआ। थाना प्रभारी जयसिंह के अनुसार, पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Loading