हिसार : शहर के पटेल नगर में बुधवार रात दो भाइयों पर हथियारों से हमले का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग हाथों में हथियार लिए हमला करते दिख रहे हैं। दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, एक भाई की हालत गंभीर है और वह आईसीयू में है।
अस्पताल में भर्ती एक घायल ने आरोप लगाया कि कार्तिक और उसके साथी पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे। उनसे हर महीने तीन लाख रुपये देने की मांग की जा रही थी। पैसे देने से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घायल के मुताबिक, बुधवार रात जब वे गाड़ी में बैठे थे, तभी पांच-छह लोगों ने पीछे से आकर हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसके सिर और हाथ पर गंडासे व लाठियों से वार किए गए। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई के पेट पर भी चाकू और गंडासे से हमला हुआ। घायल युवक की पत्नी के अनुसार, घटना से पहले शाम को फोन पर पैसे देने का दबाव बनाया गया था। बाद में जब उनके पति नीचे गए तो उन्हें घेरकर पीटा गया। परिवार ने पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
सामने आए वीडियो में हमलावर घर के आसपास और गली में हथियार लिए दिखाई देते हैं। एक बुजुर्ग महिला उन्हें रोकने का प्रयास करती नजर आती है। घटना के बाद घर के बाहर टूटे कांच और दरवाजे को नुकसान पहुंचने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और हमले का पूरा घटनाक्रम पुलिस जांच से स्पष्ट होगा।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल इस दावे की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप भी जांच के विषय हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी करमजीत सिंह ने बताया कि पीएलए चौकी इंचार्ज अनूप सिंह घायलों के बयान लेने अस्पताल गए हैं। बयान दर्ज होने के बाद केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
![]()











