गुरुग्राम के PG में 20 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला, मां ने लिव-इन पार्टनर पर लगाया हत्या का आरोप

3
Gurugram news

गुरुग्राम। सेक्टर-38 के इस्लामपुर गांव स्थित एक PG के कमरे में शनिवार को 20 वर्षीय तनीषा का शव पंखे से लटका मिला। तनीषा उत्तर प्रदेश के एटा जिले की रहने वाली थी और एटा निवासी चेतन शर्मा के साथ रह रही थी। उसकी मां ने चेतन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन परिवार के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चेतन ड्यूटी पर गया हुआ था। इस दौरान तनीषा ने उसे फोन किया, लेकिन वह कॉल नहीं उठा सका। बाद में चेतन ने वापस फोन किया तो तनीषा की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने पड़ोस में रहने वाले अनुज से कमरे में जाकर देखने को कहा।

अनुज के मुताबिक, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर तनीषा पंखे से लटकी दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलने पर तनीषा के परिजन और गुरुग्राम में रहने वाली उसकी बहन भी मौके पर पहुंचे।

तनीषा की बहन ने पुलिस को बताया कि घटना से एक रात पहले उसकी तनीषा से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसे किसी परेशानी का आभास नहीं हुआ था। वहीं, तनीषा की मां का आरोप है कि चेतन ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया। पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है।

सदर थाना SHO इंस्पेक्टर मोहन के अनुसार, डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मौत की परिस्थितियों और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच तथा पोस्टमॉर्टम से जुड़े निष्कर्ष आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Loading