हाट में वकील से मारपीट के मामले में किसानों का धरना आठवें दिन भी जारी आज के एसडीएम व डीएसपी कार्यालय के घेराव की तैयारी किसानों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

4
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवीए बिजलीघर में एडवोकेट प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों और किसानों की ओर से दिया जा रहा धरना रविवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरने में गांव की महिलाओं के अलावा मजदूर यूनियन तथा भारतीय किसान यूनियन के नेता और पदाधिकारी भी पहुंचे। धरनारत ग्रामीणों और किसानों ने मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग दोहराई है। धरनारत किसानों ने आज सोमवार को धरने के नौवें दिन एसडीएम कार्यालय और डीएसपी कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया हुआ है। रविवार को ग्रामीण और किसान नेता घेराव की तैयारियों में जुटे रहे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों और किसानों से सोमवार को निर्धारित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। किसान नेता सुरेश कोथ, लीलाराम खटकड़, जिला प्रधान नवीन मलिक, कामरेड राधेश्याम और महेंद्र बूरा ने कहा कि एडवोकेट प्रवीण कुमार के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर शिकायत में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे गांव हाट निवासी एडवोकेट प्रवीण कुमार बूरा अपने घर की बिजली खराब होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए हाट स्थित बिजलीघर पहुंचे थे। पुलिस को दी गई शिकायत में प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि बिजलीघर में मौजूद लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष ने उनके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उन्हें चोटें आईं। एडवोकेट प्रवीण कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनके ऊपर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना सदर सफीदों पुलिस ने मामले में बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र, लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष को नामजद किया गया है।

Loading