घरौंडा में स्कूटी सवार युवक की मौत, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार

2
Karnal news

करनाल। घरौंडा के पनौड़ी रोड पर शनिवार दोपहर बाद हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 35 वर्षीय दीप की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह शैलर से घरौंडा की ओर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दीप पनौड़ी गांव का रहने वाला था और एक शैलर में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। शनिवार को काम के बाद वह स्कूटी से निकला था। रास्ते में हुई टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे।

सूचना पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम के इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि उन्हें पनौड़ी रोड पर दुर्घटना की जानकारी मिली थी। घटनास्थल पर स्कूटी सवार युवक की मौत होने का पता चला, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल भिजवाया।

रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद दीप का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Loading