करनाल में मीरा घाटी के पास ब्राइट होटल के कमरे में 32 वर्षीय कुलविंद्र का शव मिलने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ और होटल की सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। पुलिस के निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद परिवार शव लेने के लिए तैयार हो गया है।
परिजनों और मृतक के जानकार पार्षद सुभाष ने पुलिस के सामने तीन लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार इन लोगों का कुलविंद्र के साथ होटल में आना-जाना था। परिवार ने करीब तीन दिन तक होटल का कमरा बुक रहने के कारणों की जांच की मांग भी रखी।
परिजनों ने कमरे से शराब, कंडोम, इंजेक्शन और सीरिंज मिलने की बात कही। उन्होंने इन परिस्थितियों की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट करने का अनुरोध किया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कमरा शेखर के नाम पर बुक था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि 28 सितंबर को कुलविंद्र शेखर के पास गया था और वहां मौजूद लोगों ने साथ शराब पी थी। बाद में कुलविंद्र दूसरे कमरे में मिला। रात करीब साढ़े दस बजे सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो वह बिस्तर पर लेटा हुआ था।
पुलिस का कहना है कि मौके पर जबरदस्ती या संघर्ष के स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई दिए। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया था और मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस शेखर और अन्य दो लोगों से पूछताछ करेगी। सीसीटीवी फुटेज से होटल में आने-जाने वालों और उनकी मौजूदगी का समय जांचा जाएगा।
कुलविंद्र पिछले कई वर्षों से तरावड़ी की विश्वास कॉलोनी में अपनी ससुराल में रह रहा था। पत्नी से अनबन की बात सामने आई है। 29 सितंबर को परिजन और ससुराल पक्ष आमने-सामने हो गए थे। सिटी थाना एसएचओ ने कहा कि जांच में दोषी मिलने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
![]()











