अंबाला बिल्डिंग हादसे में चार पर FIR, SIT के आश्वासन के बाद मृतक के परिजनों ने धरना खत्म किया

3
Ambala

अंबाला के धूलकोट गांव में निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से छह लोगों की मौत के मामले में बलदेव नगर थाने में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। नामजद लोगों में बिल्डर हरदीप सिंह जग्गी, श्रीपाल राणा और प्रॉपर्टी मालिक शामिल हैं। हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) भी गठित की गई है।

हादसा 27 सितंबर को हुआ था। निर्माण के दौरान बिल्डिंग के पीछे का हिस्सा गिर गया था और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए थे। मृतक लाल बहादुर शास्त्री (49) के परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार दोपहर से सिविल अस्पताल में धरने पर बैठे थे। SIT गठित होने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने मंगलवार सुबह धरना समाप्त कर दिया।

परिजनों ने कहा कि हादसे के बाद लाल बहादुर का शव पोस्टमॉर्टम के इंतजार में रखा था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मंगलवार को लाल बहादुर और कालिया राम के शवों का पोस्टमॉर्टम होना है। अन्य चार मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम पहले किया जा चुका है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110, 289 और 290 के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने SIT जांच के निर्देश दिए थे। अंबाला रेंज के IGP पंकज नैन द्वारा गठित टीम की अगुवाई ASP अंबाला शिवम करेंगे। इसमें DSP रजत गुलिया, इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह और EOW प्रभारी P/SI मनजीत सिंह शामिल हैं।

राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, जमीन की मालिक प्रीतम कौर ने 13 जून 2026 को निर्माण का ठेका मलकीत सिंह को दिया था। दर 200 रुपये प्रति वर्ग गज तय हुई थी। उधर, घायल मजदूर बलिंदर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कामगारों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए और निर्माण में चार इंच की दीवारें बनाई जा रही थीं। मजदूरों ने दूसरी मंजिल का लेंटर डालने के करीब एक सप्ताह बाद तीसरी मंजिल का काम शुरू किए जाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की सत्यता जांच में स्पष्ट होगी।

Loading