गुरुग्राम के सेक्टर-21 स्थित राम चौक पर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ईवी कार सवार व्यक्ति ने एक अर्टिगा कैब का रास्ता रोककर चालक से मारपीट की और वाहन के शीशों व खिड़कियों पर रॉड से हमला किया। बाद में मामला उद्योग विहार थाने पहुंचा, जहां नुकसान की भरपाई के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
कैब चालक राहुल के मुताबिक, वह ट्रैफिक के बीच आगे चल रही ईवी कार को ओवरटेक करके निकला था। उसका कहना है कि इस दौरान दोनों वाहनों के बीच कोई टक्कर नहीं हुई। इसके बावजूद ईवी चालक ने अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और कैब के आगे वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया।
राहुल ने आरोप लगाया कि कार से उतरने के बाद व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अपनी गाड़ी से डंडा निकालकर उसके साथ मारपीट की। उसने कैब की खिड़कियों और शीशों को भी निशाना बनाया तथा राहुल को जबरन बाहर निकालने का प्रयास किया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें हाथ में डंडा लिए व्यक्ति कैब चालक के सीने पर वार करता और उसे वाहन से बाहर निकलने के लिए कहता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोगों ने तोड़फोड़ का विरोध किया तो वह अपनी गाड़ी में बैठ गया। हंगामे के कारण व्यस्त सड़क पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
राहुल ने फोन करके कैब मालिक चंद्र शेखर पांडे को घटना की जानकारी दी। अशोक विहार निवासी पांडे अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करके चालक को वहां से छुड़वाया।
इसके बाद कैब मालिक ने उद्योग विहार थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और उनकी मौजूदगी में बातचीत हुई। थाने के बाहर काफी देर चली बातचीत के बाद आपसी सहमति बनी।
हमला करने वाले पक्ष ने कैब में हुए नुकसान की भरपाई की। इसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर विवाद समाप्त कर दिया।
![]()











