रोहतक में भाजपा नेत्री के पति का शव गाड़ी में मिला, पिता ने हत्या का आरोप लगाया

5
Rohtak News

रोहतक में भाजपा नेत्री दीपिका नारा के पति एवं एडवोकेट प्रदीप नारा का शव बुधवार देर रात कांग्रेस भवन के सामने खड़ी स्कॉर्पियो में मिला। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया गया है। वहीं, मृतक के पिता देवेंद्र नारा ने हत्या का आरोप लगाते हुए इसे करीब 32 करोड़ रुपए के लेनदेन से जुड़ा मामला बताया है।

देवेंद्र नारा ने कहा कि परिवार मध्य प्रदेश में वर्ष 1989 से ठेकेदारी कर रहा था। उनके अनुसार, बेटे की कंपनी पीके कंस्ट्रक्शन के 17 करोड़ 70 लाख रुपए और उनके 14 करोड़ 38 लाख रुपए के चेक बाउंस हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद में परिवार के ही तीन लोग लगातार धमकियां दे रहे थे।

पिता का आरोप है कि करीब दस दिन पहले भी कुछ लोगों ने घर पहुंचकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने मध्य प्रदेश में दिसंबर 2025 के दौरान खुद पर हमले के प्रयास का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक, धमकियों के कारण परिवार वहां का काम छोड़कर रोहतक आ गया था।

देवेंद्र ने बताया कि प्रदीप चेक बाउंस से संबंधित फाइल वकील राकेश सपड़ा को देने आए थे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

प्रदीप रोहतक जिला बार एसोसिएशन के सदस्य थे और ठेकेदारी करते थे। बार प्रधान हरिस्वरूप हुड्डा ने कहा कि एसोसिएशन पीड़ित परिवार के साथ है। उनकी पत्नी दीपिका वर्ष 2019 में वार्ड-18 से निर्दलीय पार्षद चुनी गई थीं। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के अनुसार, उन्होंने 2022 में भाजपा की सदस्यता ली थी।

आर्य नगर थाना एसएचओ सुशील ने कहा कि प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका है और मौके पर लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

Loading