फरीदाबाद के नगला पार्ट-2 में मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने को लेकर एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों की पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई। बच्चों के पिता के अनुसार, छह वर्षीय बेटी को 12 सेकेंड में आठ और चार वर्षीय बेटे को सात सेकेंड में चार थप्पड़ मारे गए। बच्चों के दादा ने पुलिस चौकी में शिकायत दी है।
बच्चों के पिता सतबीर सेना में नायक हैं और फिलहाल राजस्थान में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सोनिया घर पर बच्चों और उनके माता-पिता के साथ रहती है। उनका आरोप है कि पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों पर बच्चों के साथ मारपीट करती रही है।
सतबीर के मुताबिक, बार-बार ऐसी घटनाएं होने के कारण उन्होंने करीब तीन महीने पहले घर में कैमरे लगवाए थे। इन्हीं कैमरों में 27 सितंबर की शाम करीब सात बजे हुई घटना रिकॉर्ड हो गई। उस दिन उनके माता-पिता नूंह गए हुए थे और घर पर पत्नी तथा दोनों बच्चे मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि बेटी मोबाइल चला रही थी। पत्नी ने मोबाइल देखने के बाद स्क्रीन पर स्क्रैच को लेकर चिल्लाना शुरू किया और बच्ची को थप्पड़ मारे। इसके बाद बेटे को भी पीटा गया। बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस का एक युवक घर पहुंचा। उसने महिला से बच्चों को नहीं मारने के लिए कहा।
सतबीर ने पत्नी के मायके वालों पर भी धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले शिकायत करने पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी। परिवार से बातचीत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बच्चों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।
बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पर्वतीय कॉलोनी चौकी में शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। चौकी इंचार्ज महेश ने बताया कि वह बाहर हैं और चौकी पहुंचकर मामले की जानकारी लेकर जांच करेंगे।
![]()











