यमुनानगर में ट्रक की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत, चचेरी बहन पीजीआई में भर्ती

2
Yamunanagar News

यमुनानगर जिले में दामला के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 17 वर्षीय छात्र सूर्य प्रताप की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन काजल गंभीर रूप से घायल है। गुरुवार को दोनों गोलनपुर गांव से रादौर जा रहे थे। काजल का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गोलनपुर निवासी उदय सिंह ने बताया कि उसकी छोटी बहन काजल एमएलएन कॉलेज यमुनानगर में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। चाचा का बेटा सूर्य प्रताप 12वीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों पड़ोसी की स्कूटी लेकर रादौर के लिए निकले थे। उदय भी अपनी बाइक पर उनके पीछे चल रहा था।

शिकायत के अनुसार, सरकारी स्कूल दामला से थोड़ा आगे यमुनानगर की ओर से आए ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। उदय ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। टक्कर के बाद सूर्य प्रताप और काजल सड़क पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोटें आईं।

उदय के मुताबिक, ट्रक चालक हादसे के बाद कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को पहले सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। परिजन उन्हें एमएम अस्पताल मुलाना ले गए, जहां उपचार के दौरान सूर्य प्रताप ने दम तोड़ दिया। काजल के दोनों पैरों में गंभीर चोटें होने के कारण उसे पीजीआई भेजा गया।

परिजनों के अनुसार, सूर्य प्रताप के पिता कर्मचंद की भी पहले सड़क हादसे में लगी चोटों के कारण मौत हो चुकी है।

सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। उदय के बयान पर केस दर्ज किया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Loading