पराली जलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा फसल अवशेष प्रबन्धन को लेकर एसडीएम ने ली अधिकारियों की बैठक

4
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के मिनी सचिवालय में मंगलवार को पराली जलाने की रोकथाम एवं फसल अवशेष प्रबन्धन को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम पुकलित मल्होत्रा ने किया। बैठक में बीडीपीओ प्रवीण कुमार, उप-तहसीलदार संजय परासर, सहायक कृषि अधिकारी सुशील कुमार, राजस्व व कृषि विभाग के कर्मचारी तथा ग्राम सचिव उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफीदों उप-मण्डल क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें। उन्होंने कहा कि खेतों में आगजनी की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर तत्काल जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले किसानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नम्बरदार एवं चौकीदार भी अपने-अपने गांवों में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की आगजनी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सूचना मिलते ही गठित टीम, पुलिस एवं दमकल विभाग को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पराली जलाने की रोकथाम के लिए एक-दूसरे के साथ व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करें तथा प्रतिदिन की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की रोकथाम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल अवशेष प्रबन्धन के लिए उपलब्ध कृषि यन्त्रों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान पराली को जलाने के बजाय उसका उचित प्रबन्धन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में चौकीदारों, मन्दिरों एवं गुरुद्वारों के माध्यम से प्रतिदिन मुनादी करवाकर किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जाए।

Loading