कंपनी के एमडी पर दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप, गुरुग्राम से रेवाड़ी भेजी गई जीरो एफआईआर

4
Rewari News

एक निजी कंपनी में काम कर चुकी महिला एचआर एग्जीक्यूटिव ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पर काम के बहाने गुरुग्राम से रेवाड़ी ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर गुरुग्राम के महिला थाना सेक्टर-51 में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। घटनास्थल रेवाड़ी होने के कारण मामला मॉडल टाउन थाने भेजा गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह कंपनी में सीनियर ऑपरेशंस एवं एचआर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। काम के सिलसिले में उसे विभिन्न शहरों में जाना पड़ता था। आरोप है कि कंपनी के एमडी होडिल सिंह उसे बार-बार अपने केबिन में बुलाने लगे और निजी बातों तथा खाने की पेशकश के जरिए उससे नजदीकी बढ़ाने का प्रयास किया।

महिला ने शिकायत में बताया कि 15 जनवरी को एमडी कंपनी के काम का हवाला देकर उसे रेवाड़ी ले गए। वहां फ्लैट में जाली लगवाने की बात कहकर उसे एक सोसाइटी स्थित फ्लैट में ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर हथियार होने और एक गुरु के जरिए उसे गायब कराने की धमकी दी गई।

शिकायत में ऑफिस के केबिन का कैमरा बंद कर गलत व्यवहार करने और एक अन्य व्यक्ति के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के आरोप भी हैं। महिला के मुताबिक, उसने फरवरी में दूसरी नौकरी तलाशनी शुरू की और 2 मार्च को दूसरी कंपनी जॉइन कर ली।

आरोप है कि नौकरी बदलने के बाद भी उससे पुरानी कंपनी का काम कराया जाता रहा। उसके खाते में विभिन्न जगहों से रकम जमा करवाई गई। बैंक द्वारा जवाब मांगे जाने पर खाते और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर उसे वापस आने के लिए दबाव बनाया गया।

महिला ने 19 मई को दोबारा रेवाड़ी ले जाकर जबरदस्ती करने और 2 अगस्त को दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। उसके अनुसार, गर्भवती होने की जानकारी देने पर उसे धमकियां मिलीं। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Loading