फरीदाबाद में मोबाइल विवाद में दोस्त की हत्या का आरोप, झील में डूबने की कहानी सुनाता रहा आरोपी

3
Faridabad News

फरीदाबाद के सिरोही गांव में राजकुमार हत्याकांड की जांच में पुलिस ने मोबाइल फोन को लेकर विवाद होने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, दोस्त मुफीद ने राजकुमार को पहाड़ से धक्का दिया था। इसके बाद वह परिजनों और पुलिस को झील में डूबने की कहानी सुनाकर गुमराह करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के अनुसार, 4 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे दोनों दोस्त सिरोही की झील के पास सेल्फी पॉइंट पर पहुंचे थे। राजकुमार ने अपने मोबाइल से कुछ तस्वीरें लीं। फोन का कैमरा और तस्वीरें पसंद आने पर मुफीद ने उससे मोबाइल मांगा, लेकिन राजकुमार ने देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। मुफीद ने फोन लेने की कोशिश की तो वह हाथ से छूटकर नीचे गिर गया और टूट गया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में मुफीद ने राजकुमार को करीब 72 फीट नीचे खाई में धक्का दे दिया। पत्थरों के बीच गिरने से उसकी मौत हो गई। आरोपी ने टूटा मोबाइल भी झील में फेंक दिया।

राजकुमार के पिता गौरेलाल ने बताया कि मुफीद उनके पड़ोस में रहता है और दोनों की करीब 12 साल से दोस्ती थी। घटना वाले दिन उसने फोन करके राजकुमार को बुलाया था। देर तक बेटा घर नहीं लौटा तो वह मुफीद के घर पहुंचे। वहां उसने राजकुमार के झील में डूबने की बात कही।

इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने झील में तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, मुफीद करीब 20 घंटे तक गलत जानकारी देता रहा और तलाश में भी शामिल रहा। बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर झील से करीब 200 मीटर दूर पत्थरों के बीच शव बरामद हुआ।

राजकुमार का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ का रहने वाला है। परिवार पिछले करीब 20 साल से सिरोही में किराए पर रह रहा है। पिता गौरेलाल चिनाई मिस्त्री हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading