भिवानी में 27 HKRN कर्मचारियों की ड्यूटी पर विवाद, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ने रखे अलग पक्ष

2
Bhiwani News

भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और नागरिक अस्पताल प्रशासन के बीच कर्मचारियों की तैनाती को लेकर विवाद सामने आया है। नागरिक अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज में लगाए गए 27 हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों को वापस बुलाने का पत्र जारी किया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इस फैसले से सेवाएं प्रभावित होने की बात कहते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की है।

27 जुलाई को जारी पत्र के तहत 28 कर्मचारियों की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई थी। अब इनमें से 27 को नागरिक अस्पताल में कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए वापस बुलाया गया है। इनमें सुपरवाइजर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेलीफोन और लिफ्ट ऑपरेटर, वार्ड सर्वेंट, सफाई कर्मचारी तथा सुरक्षा कर्मी शामिल हैं।

मेडिकल कॉलेज में इन कर्मचारियों की ड्यूटी रजिस्ट्रेशन, ऑपरेशन थिएटर, ऑर्थो-सर्जरी वार्ड, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे सहित अलग-अलग सेवाओं में थी। रजिस्ट्रेशन में पांच कर्मचारियों की तैनाती थी। कर्मचारियों की कमी से पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ने और वार्डों में व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है। अटेंडेंट की कमी से डॉक्टरों को मरीजों का क्रम संभालने में भी परेशानी हो रही है।

नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवान सिंह का कहना है कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद अस्पताल के करीब 84 कर्मचारी वहां सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 20 से 25 स्टाफ नर्स भी शामिल हैं। उनके मुताबिक, कर्मचारियों के मेडिकल कॉलेज में रहने से नागरिक अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, इसलिए उन्हें वापस बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि पत्र के बावजूद कर्मचारी अभी मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी दे रहे हैं।

वहीं, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरज परिहार ने कर्मचारियों को वापस बुलाने पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इससे कॉलेज की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को की गई है।

दोनों संस्थानों के अधिकारियों के बीच विवाद पहले भी स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के सामने आ चुका है। फिलहाल कर्मचारियों की तैनाती को लेकर दोनों प्रशासन के अलग-अलग दावे हैं।

Loading