हरियाणा के पंचकूला में नई कार पर अवैध लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार रात डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। करीब पांच किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने सेक्टर-15 के पास घेराबंदी कर कार रुकवाई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 30 हजार रुपये का चालान काटकर वाहन जब्त कर लिया गया।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के मुताबिक, घटना रात करीब साढ़े आठ बजे सेक्टर-14 मार्केट के पास की है। कार में दो युवक सवार थे। वे तेज रफ्तार में कभी मुख्य सड़क पर और कभी रिहायशी कॉलोनियों की गलियों में कार चला रहे थे। वाहन पर लाल-नीली बत्ती भी लगी हुई थी।
डीसीपी ने बताया कि कार सवारों को रुकने का संकेत देने पर उन्होंने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी और कॉलोनियों की गलियों में प्रवेश कर गए। इसके बाद डीसीपी ने अपनी सरकारी गाड़ी से उनका पीछा शुरू किया। युवक अन्य वाहनों के बीच से तेज रफ्तार में निकलने का प्रयास करते रहे।
करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सेक्टर-15 के पास पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया। डीसीपी ने सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया। जांच में वाहन पर अवैध लाल-नीली बत्ती लगी मिली और नंबर प्लेट अस्थायी पाई गई।
पुलिस के अनुसार, जांच में कई यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आने पर चालक का 30 हजार रुपये का चालान किया गया। कार को इंपाउंड कर सेक्टर-14 थाने में खड़ा करवाया गया। दोनों युवकों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
डीसीपी ने बताया कि कार सवारों में एक छात्र है और दूसरा उसका साथी। कार साथी के परिवार की है, जिसे उसके चाचा ने हाल ही में खरीदा था। उसके चाचा एम्बुलेंस चलाने का काम करते हैं। दोनों युवक इसी नई कार पर लाल-नीली बत्ती लगाकर शहर में घूम रहे थे।
![]()











