कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में एंटी नारकोटिक सेल ने किराए के मकान पर छापेमारी कर 100.60 ग्राम स्मैक और करीब आठ हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से अक्षित उर्फ विशु और जसबीर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज सतविन्द्र सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि अक्षित के किराए के मकान में स्मैक रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मकान पर छापा मारा। दोनों आरोपी वहां मौजूद मिले और तलाशी के दौरान मादक पदार्थ तथा नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में अक्षित की उम्र 24 वर्ष और जसबीर की उम्र 25 वर्ष बताई गई है। पुलिस का दावा है कि दोनों करीब चार से पांच साल से मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े थे। उनके खिलाफ कुरुक्षेत्र जिले में पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, अक्षित पहले मोबाइल रिपेयर का काम करता था। बाद में वह बाहर से स्मैक लाकर आगे सप्लाई करने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क जसबीर से हुआ और दोनों साथ काम करने लगे। आरोप है कि उन्होंने इस गतिविधि के लिए सेक्टर-3 में किराए का मकान लिया था।
जांच में पुलिस दोनों के कथित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि वे कुछ लोगों को सीधे स्मैक बेचते थे, जबकि अन्य लोगों को आगे बेचने के लिए देते थे और बदले में कमीशन लेते थे। मादक पदार्थ कहां से लाया गया और किन लोगों तक पहुंचाया जाता था, इसकी जांच जारी है।
आरोपियों के बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जानकारी भी खंगाली जा रही है। थाना सदर थानेसर में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अदालत में पेश करने के बाद अक्षित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जसबीर को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।
![]()











