सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की नई अनाज मंडी में धान खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जींद की उपायुक्त वैशाली शर्मा ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आढ़तियों व किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। आढ़तियों ने मंडी के लिए अभी तक राइस मिल अलॉट नहीं होने और बारदाना उपलब्ध कराने में आ रही परेशानी का मुद्दा उठाया। आढ़तियों ने बताया कि अब तक मंडी में करीब 10 हजार क्विंटल धान की खरीद हो पाई है। राइस मिल अलॉट नहीं होने के कारण खरीद प्रक्रिया और आगे की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही बारदाना उपलब्ध कराने में भी परेशानी आ रही है। इन समस्याओं के चलते किसानों और आढ़तियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त वैशाली शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राइस मिल अलॉट करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि धान खरीद व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों की धान की खरीद हो चुकी है, उन्हें साथ-साथ बारदाना उपलब्ध करवाया जाए। डीसी ने आश्वासन दिया कि खरीद और बारदाने को लेकर आने वाली समस्याओं का समाधान किया जाएगा। दौरे के दौरान किसानों ने उपायुक्त के सामने अपनी समस्या रखते हुए कहा कि जिन धान की ढेरियों में नमी 17 प्रतिशत है, उनकी भी कई दिनों से खरीद नहीं हो पा रही है। किसानों ने मांग की कि निर्धारित मानकों के अनुसार धान की खरीद में तेजी लाई जाए, ताकि उन्हें मंडी में लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। उपायुक्त वैशाली शर्मा ने किसानों और आढ़तियों को आश्वासन दिया कि आगे धान खरीद और बारदाने को लेकर परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
![]()











