फरीदाबाद के तिलपत गांव में बाउंसर वली मोहम्मद की हत्या के मामले में इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले एक पोस्ट पर लाफिंग इमोजी और ‘सुक्खी शूटर’ लिखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पक्ष के साकिर ने इंस्टाग्राम पर गाने के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की थी। इस पर वली के रिश्तेदार ने लाफिंग इमोजी कमेंट किया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बहस हुई। आरोप है कि साकिर ने गांव आने पर उससे हिसाब करने की धमकी दी थी।
आठ अक्टूबर को वली मोहम्मद अपने परिवार और रिश्तेदार के साथ नूंह के बीसरू गांव से तिलपत में गृहप्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परिजनों के अनुसार, वली करीब चार साल बाद अपने मामा के घर पहुंचा था और परिवार अगले दिन लौटने वाला था।
आरोप है कि शाम को साकिर ने बाइक से वली के रिश्तेदार को टक्कर मार दी, जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया। तैय्यब और वली ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। दोनों पक्ष अपने घर चले गए, लेकिन बाद में आरोपी पक्ष के लोग दोबारा इकट्ठा होकर पहुंचे और हमला कर दिया।
वली के चचेरे भाई साबिर ने आरोप लगाया कि हमलावर पहले से योजना बनाकर आए थे। उनके मुताबिक, तैय्यब और वली पर हथियारों से हमला किया गया। साहिल पर वली को गिराकर लोहे की रॉड से वार करने का आरोप है। साबिर का कहना है कि छत से ईंटें फेंके जाने के कारण अन्य लोग बचाव के लिए आगे नहीं आ सके।
हमले के बाद परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने वली को मृत घोषित कर दिया। तैय्यब का उपचार जारी है।
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आठ आरोपियों में से चार को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है और चार पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस ने कुल 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
![]()











