बावल पालिकाध्यक्ष के बेटे की शादी 20 नवंबर को, 23 को प्रतिभोज; 106 गांवों में जाएगा निमंत्रण

2
Rewari News

रेवाड़ी की बावल नगर पालिका के चेयरमैन वीरेंद्र सिंह महलावत के बेटे भारत महलावत की शादी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बावल 84 खाप के प्रतिनिधियों की पंचायत में शादी के उपलक्ष्य में 23 नवंबर को प्रतिभोज आयोजित करने का निर्णय लिया गया। भारत की शादी 20 नवंबर को चरखी दादरी निवासी प्रिया से होगी।

वीरेंद्र सिंह महलावत ने बताया कि खाप के 106 गांवों में घर-घर शादी के कार्ड पहुंचाकर पूरे परिवार को आमंत्रित किया जाएगा। उनके अनुसार, आयोजन में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। भोजन कार्यक्रम में एक साथ 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण देने के लिए वे स्वयं जाएंगे। मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, विपक्षी नेताओं, खाप प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और अधिकारियों को भी आमंत्रित करने की योजना है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के लोगों को भी कार्ड भेजे जाएंगे। देशभर की खापों को निमंत्रण देने की तैयारी की जा रही है।

प्रतिभोज के लिए चार एकड़ में टेंट और वाहनों की पार्किंग के लिए तीन एकड़ जगह निर्धारित की गई है। महलावत के मुताबिक, पार्किंग व्यवस्था के लिए 100 गार्ड, भोजन परोसने के लिए एक हजार वेटर और कार्यक्रम के संचालन के लिए 500 स्वयंसेवक लगाए जाएंगे। बावल शहर को सजाने की भी योजना है।

भारत महलावत पेशे से अधिवक्ता हैं और पिछले पांच वर्षों से रेवाड़ी तथा गुरुग्राम में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्होंने देहरादून से कानून में स्नातक और राजस्थान से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। प्रिया ने एमएससी और एमएड किया है तथा निजी स्कूल में विज्ञान शिक्षिका हैं। उनके पिता रविंद्र अहलावत बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। दोनों का रिश्ता नवंबर 2025 में तय हुआ था।

महलावत ने बताया कि कार्यक्रम में कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों को भी आमंत्रित किया जाएगा। नगाड़ा समूह की प्रस्तुति की योजना है। उन्होंने आयोजन का उद्देश्य सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाना और आपसी भाईचारा मजबूत करना बताया।

Loading