करनाल में काम से लौट रहे चालक की हत्या, बड़ौता के पास मिला शव; मोबाइल गायब

3
Karnal News

करनाल में मुनक रोड पर गांव बड़ौता के पास बिजली घर के नजदीक शनिवार रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान बृचपुर गांव निवासी 43 वर्षीय विनोद पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर उसकी बाइक मिली, जबकि मोबाइल फोन गायब बताया जा रहा है।

सूचना मिलने पर मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

विनोद के चचेरे भाई संजय शर्मा ने बताया कि वह करनाल में सिंगला मोटर पर गाड़ी चलाने का काम करता था। शनिवार रात काम समाप्त करने के बाद अपनी बाइक पर गांव लौट रहा था। इसी दौरान बड़ौता के पास उसकी हत्या कर दी गई। परिवार के मुताबिक, मौके पर बाइक मिलने के बावजूद मोबाइल फोन नहीं मिला। फोन के गायब होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

संजय शर्मा के अनुसार, विनोद के शरीर पर चाकू से चार से पांच वार किए जाने के निशान थे। परिवार को फिलहाल किसी हमलावर या घटना की वजह के बारे में जानकारी नहीं है। विनोद अविवाहित था। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर और बाद में पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।

मधुबन थाना के एसएचओ लखविंद्र सिंह ने बताया कि रात में हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

फिलहाल वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Loading