बेरी नवरात्र मेले में पुलिस मुस्तैद, दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को दर्शन में दी सहायता

3
Jhajjar News

झज्जर जिले के बेरी स्थित प्रसिद्ध मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। मेले के दौरान सुरक्षा और सुविधाजनक दर्शन के लिए झज्जर पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। तैनात पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता भी कर रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त धारणा यादव के दिशा-निर्देशन में मंदिर परिसर और मेले में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने तथा बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नवरात्र के पहले दिन मंदिर पहुंची एक दिव्यांग महिला श्रद्धालु को पुलिस टीम ने व्हीलचेयर के माध्यम से दर्शन कराने में सहायता की। एक बुजुर्ग महिला को भी पुलिसकर्मी ने सहारा देकर मदद पहुंचाई। इन प्रयासों से संबंधित श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन करने में सुविधा मिली।

झज्जर पुलिस ने श्रद्धालुओं से मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर श्रद्धालु मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क करें।

पुलिस के अनुसार, नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उन्हें सुगम दर्शन का माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सहायता की जरूरत वाले श्रद्धालुओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Loading