अंबाला में 60.16 करोड़ से बनेगा आधुनिक डेयरी कॉम्प्लेक्स, 200 प्लॉट और 24 घंटे निशुल्क पशु चिकित्सा की सुविधा

4
Ambala News

अंबाला छावनी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर संचालित डेयरियों को एक ही जगह स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए गांव ब्राह्मण माजरा में आधुनिक इंटीग्रेटेड डेयरी कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने परियोजना के लिए 60.16 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। यह राशि अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड योजना के तहत ऋण के रूप में स्वीकृत हुई है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना के लिए नगर परिषद पहले ही करीब 21 एकड़ जमीन खरीद चुकी है।

प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में हजारों पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी। पशुपालकों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग आकार के करीब 200 प्लॉट विकसित किए जाएंगे। अधिक पशु रखने वालों को बड़े और कम पशु रखने वालों को छोटे प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। यहां आधुनिक पशु चिकित्सालय भी बनाया जाएगा, जिसमें डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। मंत्री के अनुसार, पशुओं का इलाज निशुल्क किया जाएगा।

चारा भंडारण से लेकर बायोगैस प्लांट तक मिलेंगी सुविधाएं

डेयरी कॉम्प्लेक्स में पशुओं के चारे के भंडारण के लिए अलग स्थान, ड्राई फीड स्टोर और बायोगैस प्लांट बनाया जाएगा। पशुओं को नहलाने के लिए तालाब तथा पशुपालकों के आराम के लिए रेस्ट हाउस की व्यवस्था होगी। रेस्ट हाउस में पेयजल और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

परिसर में बिजली-पानी की पर्याप्त आपूर्ति, सब स्टेशन, आधुनिक एलईडी लाइटें, व्यावसायिक दुकानें, वाहन पार्किंग और चिलिंग प्लांट की व्यवस्था प्रस्तावित है। जल निकासी के साथ पार्क और ग्रीन कॉरिडोर भी विकसित किए जाएंगे। यहां पशुओं के लिए हरी घास उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

टांगरी नदी पर नए पुल से आसान होगी आवाजाही

डेयरी कॉम्प्लेक्स तक आवागमन सुगम बनाने के लिए टांगरी नदी पर नया पुल बनाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री अनिल विज के अनुसार, पुल का निर्माण पहले शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार के काम छोड़ने के कारण अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। पुल बनने के बाद पशुपालक टांगरी बांध रोड से सीधे कॉम्प्लेक्स तक पहुंच सकेंगे। इससे डेयरी संचालकों को परिवहन और पशुओं की देखभाल संबंधी गतिविधियों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Loading