सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय सफीदों में महिला प्रकोष्ठ द्वारा रचनात्मकता से उद्यमिता विषय पर सजावटी मोमबत्तियां एवं उपहार डिब्बे बनाने की कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता लोक कलाकार हिमानी ने छात्राओं को विभिन्न प्रकार की सजावटी मोमबत्तियां और आकर्षक उपहार डिब्बे बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने रंगों, सजावट और रचनात्मक डिजाइनों के माध्यम से आकर्षक हस्त निर्मित वस्तुएं तैयार करने की विधियां समझाईं। साथ ही, उन्होंने बताया कि इन वस्तुओं को तैयार करके और उनका विपणन करके छात्राएं स्वरोजगार के अवसर तलाश सकती हैं तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। वहीं प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया ने कहा कि ऐसी कौशल-आधारित कार्यशालाएँ छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल सीखने तथा अपनी प्रतिभा को रोजगार के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर रमीत कौर, डॉ. सरला सहरावत, रीनू देवी, डॉ. शील, सीमा रानी, डॉ. सुनील देवी, ज्योति कंवल, सरबजीत कौर, मंजू देवी व भावना मौजूद रहीं।
![]()











