अग्रवाल पंचायती धर्मशाला में मनाया गया महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव हवन में आहुतियां डालकर की गई समाज की सुख-शांति की कामना

2
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर स्थित अग्रवाल पंचायती धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोज दीवान ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं ने भाग लिया और महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें नमन किया। इसके बाद विशाल हवन का आयोजन किया गया, जिसमें अग्रबंधुओं ने आहुतियां डालकर समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। हवन के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयोजक मनोज दीवान ने कहा कि शिरोमणि महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद, समानता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत आधार दिया। वे सच्चे अर्थों में महापुरुष थे, जिन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उन्नति का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में प्रासंगिक हैं। मनोज दीवान ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अग्रोहा नगर की स्थापना के समय ऐसी व्यवस्था की थी, जिसके तहत बाहर से आकर बसने वाले 36 बिरादरी के हर परिवार को प्रत्येक घर से एक रुपया और एक ईंट दी जाती थी। इस सहयोग से नए परिवार को घर बसाने और कारोबार शुरू करने में मदद मिलती थी। यह परंपरा सामाजिक एकजुटता, आर्थिक सहयोग और समान अवसरों की भावना का प्रतीक थी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन आदर्श समाजवाद के अग्रदूत, गणतांत्रिक व्यवस्था के समर्थक और अहिंसा के पुजारी थे। उनके जीवन के प्रमुख आदर्श लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था, आर्थिक समरूपता और सामाजिक समानता रहे। उन्होंने सदैव समाज को एकजुट करने और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देने का कार्य किया। मनोज दीवान ने कहा कि वर्तमान समय में भी महाराजा अग्रसेन के विचारों को अपनाकर समाज में सहयोग, समानता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

Loading