सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के मिनी सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने की। शिविर में एसडीएम ने जनता की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही निपटारा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्यवाही रिपोर्ट (एटीआर) तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को समाधान शिविर में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटान करने के निर्देश दिए। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह के प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक उपमंडल कार्यालयों में समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि किसी भी व्यक्ति को कोई सांझी या व्यक्तिगत समस्या है, वह समाधान शिविरों में अपनी फरियाद रख सकता है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार संजय परासर, बीडीपीओ प्रवीण कुमार सहित अनेक विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()











