करनाल की सेक्टर-14 मार्केट में हमले के बाद युवक की मौत, हत्या का केस दर्ज; आरोपियों की तलाश जारी

2
Karnal News

करनाल। सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट में कार बिक्री कार्यालय के ऊपर बने कमरे में युवकों पर हमले के दौरान घायल आर्यन की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे चंडीगढ़ पीजीआई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया है।

मॉडल टाउन निवासी शिकायतकर्ता साहिब ने बताया कि 12 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे वह आर्यन और दो अन्य दोस्तों के साथ कमरे में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडे और चाकू लेकर कई युवक वहां पहुंचे और आर्यन पर हमला कर दिया।

साहिब के मुताबिक, उन्होंने आर्यन को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में अन्य युवकों को भी चोटें आईं। इसके बाद आरोपी हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।

घायल आर्यन को लोगों की मदद से पहले सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से रेफर किए जाने के बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने चंडीगढ़ पीजीआई ले जाने की सलाह दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उसे रास्ते में आर्यन की मौत होने की सूचना मिली।

परिजनों ने बताया कि आर्यन परिवार का इकलौता बेटा था और करीब एक साल से पिता के साथ दिल्ली में रह रहा था। वह कुछ दिन पहले लाइसेंस बनवाने के लिए करनाल आया था। बचपन में मां की मृत्यु के बाद दादी ने उसकी देखभाल की थी।

प्रारंभिक जानकारी में करीब एक महीने पहले हुए विवाद की रंजिश का उल्लेख है। सामने आए वीडियो में भी विवाद की वजह को लेकर बातें सुनाई देती हैं, लेकिन हमले का वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।

परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया। बाद में डीएसपी के जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर वे सहमत हुए।

थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच एएसआई विकास को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Loading