फरीदाबाद में युवक पर नकाबपोश हमलावरों का हमला, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर; सीसीटीवी से पहचान में जुटी पुलिस

2
Faridabad News

फरीदाबाद। डबुआ-गाजीपुर क्षेत्र में मंगलवार रात नकाबपोश युवकों ने 22 वर्षीय सागर को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन बादशाह खान नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया। परिवार के मुताबिक, उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर हुआ है और अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। डबुआ थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है।

पुलिस के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी सागर एक निजी कंपनी में काम करता है। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने दोस्त के साथ दुकान से दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में करीब दर्जनभर नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया।

अचानक हमला होने पर उसका दोस्त वहां से भाग गया। आरोपियों ने सागर को सड़क पर गिराकर पीटा और उसे घसीटा। घटना बाजार में एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

सामने आए करीब चार मिनट के फुटेज में हमलावर युवक पर बार-बार हमला करते दिखाई देते हैं। कुछ आरोपी दुकानों की तरफ पथराव भी करते नजर आते हैं। फुटेज में आसपास लोग खड़े दिखाई देते हैं, लेकिन इस दौरान कोई हस्तक्षेप करता नहीं दिखता।

हमलावरों के भागने के बाद परिवार के लोगों ने सागर को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि उसकी टांगों के अलावा सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें हैं। शुरुआती उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दिल्ली भेज दिया।

डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सागर के दोस्त का कुछ दिन पहले अन्य युवकों से विवाद होने की जानकारी मिली है। उस समय सागर भी वहां मौजूद था।

पुलिस पुराने विवाद और वर्तमान हमले के बीच संभावित संबंध की पड़ताल कर रही है। हमले की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

Loading