फरीदाबाद में जलभराव में गिरे श्रमिक की करंट से मौत, सीसीटीवी सामने आया; विभागों ने जांच की बात कही

3
Faridabad News

फरीदाबाद। संजय कॉलोनी की 22 फुट रोड पर सीवर के पानी से भरे गड्ढे में गिरने के बाद करंट लगने से फैक्ट्री श्रमिक दिनेश तिवारी की मौत हो गई। मंगलवार रात ड्यूटी से साइकिल पर घर लौटते समय हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घटना के बाद जलभराव और बिजली के तारों की स्थिति को लेकर सवाल उठे हैं।

जानकारी के अनुसार, साइकिल का संतुलन बिगड़ने पर दिनेश ट्रांसफॉर्मर के पास गिर गए। वहां नीचे लटकते तारों से करंट लगने की बात सामने आई है। हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी की जांच की बात संबंधित विभागों ने कही है।

परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे दिनेश
मूल रूप से अयोध्या जिले के रहने वाले दिनेश शिव कॉलोनी में पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते थे। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी एक पैर से दिव्यांग हैं। बड़ी बेटी बीएससी, मंझली दसवीं और छोटी बेटी पांचवीं कक्षा में पढ़ती है।

स्थानीय लोगों ने उठाए अधूरे काम पर सवाल
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क पर करीब छह महीने से सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। पुरानी 10 इंच की लाइन की जगह 30 इंच की लाइन डालने का काम शुरू हुआ था, लेकिन लगभग 60 प्रतिशत काम के बाद रुक गया। नई लाइन को 72 इंच की मुख्य लाइन से जोड़ा जाना है।

नगर निगम के अनुसार, मुख्य लाइन की सफाई एफएमडीए को करनी है। वार्ड-4 की पार्षद संगीता भारद्वाज ने दावा किया कि सफाई के लिए पांच बार पत्र लिखे गए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

चार टेंडर के बावजूद नहीं मिली एजेंसी
एफएमडीए के एक्सईएन ओमदत्त ने बताया कि मुख्य सीवर लाइन की सफाई के लिए चार बार टेंडर जारी हुए, लेकिन कोई एजेंसी आगे नहीं आई। अब दोबारा टेंडर लगाया गया है।

नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बिजली निगम की एक्सईएन उर्मिला ने विभाग की गलती से इनकार करते हुए विभागीय जांच तथा एसडीओ और जेई से जवाब मांगने की बात कही।

Loading