करनाल। नई अनाज मंडी और नमस्ते चौक के बीच हाईवे पर देर रात आई-10 और क्रेटा कार की टक्कर हो गई। हादसे में आई-10 कई पलटे खाते हुए पलट गई। उसमें सवार एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर जांच शुरू कर दी है।
ओवरटेक के प्रयास में बिगड़ा नियंत्रण
पुलिस के मुताबिक, दोनों गाड़ियां पानीपत की ओर से आ रही थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आई-10 चालक ने आगे चल रही क्रेटा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। क्रेटा भी उसकी चपेट में आई, जिससे उसे नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आई-10 की रफ्तार तेज होने की बात कही है। हालांकि, दुर्घटना के कारण और दोनों वाहनों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।
राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोग मदद के लिए रुके। उन्होंने क्षतिग्रस्त आई-10 में फंसे महिला और पुरुष को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि पलटी हुई कार में दो लोग सवार थे। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। घायलों की पहचान और उनकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रेन से हटवाई दुर्घटनाग्रस्त कार
वेद प्रकाश के अनुसार, टक्कर में क्रेटा को भी नुकसान हुआ, लेकिन उसका चालक मौके पर नहीं रुका और वहां से चला गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से आई-10 को हाईवे से हटवाया और चौकी पहुंचाया। दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
![]()











