हरियाणा में गुरुवार दोपहर तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ। पानीपत के चौड़ा बाजार में करीब तीन फीट पानी भर गया, जबकि जीटी रोड पर एक एंबुलेंस बंद हो गई। कैथल और फतेहाबाद की मंडियों में धान तथा रेवाड़ी में खुले में रखा बाजरा भीग गया।
पानीपत में टो-वैन से हटाई एंबुलेंस
पानीपत के संजय चौक समेत कई क्षेत्रों में जलभराव हुआ। जीटी रोड पर एंबुलेंस बंद होने के बाद चालक ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने टो-वैन भेजकर उसे सड़क किनारे खड़ा कराया। जींद और अंबाला की सड़कों पर भी एक से दो फीट तक पानी भरने की जानकारी मिली है।
सोनीपत में तेज आंधी से कई स्थानों पर टीन शेड और होर्डिंग सड़कों पर आ गए। गोहाना अनाज मंडी और जींद रोड पर भी जलभराव हुआ।
कालांवाली में बिजली गिरने से टंकी टूटी
सिरसा के कालांवाली में एसडीएम कार्यालय के पास एडवोकेट प्रगट सिंह के घर पर आकाशीय बिजली गिरने से छत पर रखी पानी की टंकी टूट गई। घटना में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
मंडियों में भीगी फसल, किसानों की चिंता बढ़ी
कैथल और फतेहाबाद में धान की ढेरियां व बोरियां बारिश की चपेट में आईं। फतेहाबाद जिले के जाखल में 36 और टोहाना में 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रेवाड़ी मंडी में बाजरा भीगने की जानकारी है।
वहीं, अंबाला शहर मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर जयपाल सिंह ने कहा कि निरीक्षण में कोई खुली ढेरी नहीं मिली। उनके अनुसार, हवा से तिरपाल हटने के कारण कुछ बोरियां भीगी हैं, जिन्हें सुखवाया जाएगा।
तेज हवाओं और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुबह 11 बजे जारी तीन घंटे के अलर्ट में गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई।
![]()











