गुरुग्राम। जिले के बहुचर्चित नीतू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतका के रिश्ते में जेठ लगने वाले पूर्व सैनिक संदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, हत्या की साजिश के पीछे आठ मरला जमीन का विवाद सामने आया है। आरोपी संदीप मृतका के पति प्रशांत के ताऊ का बेटा है। पुलिस का दावा है कि संदीप ने उत्तराखंड के रुड़की निवासी अविनाश और अनुज को नीतू की हत्या की सुपारी दी थी। जांच में सामने आया कि प्रशांत के हिस्से की जमीन को संदीप बेचना चाहता था। इसके लिए उसने एक खरीदार से सौदा करके अग्रिम राशि भी ले ली थी। हालांकि, नीतू ने जमीन बेचने का विरोध किया और सौदा रद्द करवाकर रकम वापस करवा दी। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर संदीप ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने 10 अक्टूबर को नई मोबाइल सिम खरीदी और उसी नंबर से शूटरों के संपर्क में रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन दोनों आरोपी गांव दौलाह पहुंचे, लेकिन उन्हें घर का रास्ता मालूम नहीं था। ऐसे में संदीप कथित तौर पर बाइक से उन्हें नीतू के घर तक लेकर गया और वारदात के बाद गांव से बाहर छोड़कर आया। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में संदीप की गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वारदात से पहले संदीप के घर लगे सीसीटीवी कैमरों का एंगल बदल दिया गया था। तकनीकी निगरानी और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच में नई सिम की लोकेशन संदीप की गतिविधियों से मेल खाने की बात सामने आई। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने संदीप की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जानकारी मंगलवार को साझा की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में शामिल बताए जा रहे दोनों शूटरों की तलाश जारी है। मामले में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
![]()











