सिरसा में कारोबारी और बेटी के शव नहर में मिलने से सनसनी, पत्नी की तलाश जारी; CCTV में आखिरी बार बाइक पर दिखा परिवार

3
Sirsa News

सिरसा। हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी और उनकी बेटी के शव नहर से मिलने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। कारोबारी की पत्नी का अभी तक सुराग नहीं लगा है। इस बीच 16 अक्टूबर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें परिवार के तीनों सदस्य एक बाइक पर जाते दिखाई दे रहे हैं। मृतकों की पहचान ढाणी शेरां वाली निवासी भरत सिंह सहारण (45) और उनकी बेटी लता (24) के रूप में हुई है, जबकि भरत सिंह की पत्नी मंजू (43) की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, भरत सिंह ऐलनाबाद के नोहर रोड पर गणपति इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते थे। वह मोटर, मशीनरी वायरिंग और स्टार्टर से संबंधित कारोबार करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, 16 अक्टूबर को भरत सिंह दुकान जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पत्नी मंजू ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद वह पत्नी और बेटी को लेकर दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से रवाना हुए। परिवार के तीनों सदस्यों की आखिरी मोबाइल लोकेशन करीब ढाई बजे मसीतां हेड के पास मिली थी। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तीनों बाइक पर दिखाई दिए। इसके बाद परिवार से संपर्क नहीं हो सका। रविवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में डबली गांव के पास राजकनाल से पहले लता और फिर भरत सिंह का शव बरामद हुआ। उनकी बाइक भी नहर में मिली। सोमवार को पिता-पुत्री का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान दोनों के विसरा नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। शवों और बाइक के बीच करीब 500 से 600 मीटर की दूरी मिलने से घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस गोताखोरों की सहायता से मंजू की तलाश कर रही है। सरपंच नत्थूराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। ऐलनाबाद थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के अनुसार, 16 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस हत्या, हादसे और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच करेगी। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

Loading