यमुनानगर में 36 स्थानों पर दशहरा मेले, मॉडल टाउन में जलेगा 75 फीट ऊंचा रावण; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 400 पुलिसकर्मी

3
Yamunanagar Dussehra 2026

यमुनानगर। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व मंगलवार को यमुनानगर-जगाधरी सहित जिलेभर में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। जिले में करीब 36 स्थानों पर दशहरा मेलों और रावण दहन के कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाद के विशाल पुतले तैयार किए गए हैं। मॉडल टाउन स्थित दशहरा ग्राउंड में श्री सनातन धर्म सभा की ओर से जिले का सबसे ऊंचा 75 फीट का रावण बनाया गया है। यहां कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले 65-65 फीट ऊंचे होंगे। दहन से पहले भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं की शोभायात्रा निकाली जाएगी। सिटी सेंटर के पास श्री यमुना रामलीला कमेटी की ओर से 70 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। तेजली स्टेडियम के सामने भी 70 फीट का रावण तैयार किया गया है। सेक्टर-18 में श्री रामलीला भवन कमेटी की ओर से 55 फीट रावण, 52 फीट कुंभकर्ण और 50 फीट मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे। रामपुरा कॉलोनी में 45 फीट तथा जगाधरी वर्कशॉप के रेलवे मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इसके अलावा कैंप पार्क, पुराना हमीदा, जम्मू कॉलोनी, ममीदी और मुंडा माजरा में भी कार्यक्रम होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में बूड़िया के दयालगढ़ में 50 फीट, व्यासपुर में 55 फीट और साढौरा में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। छछरौली में भी 60 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दशमी पूजन का समय दोपहर 1:10 बजे से तीन बजे तक निर्धारित बताया गया है। रावण दहन शाम 5:50 से 6:05 बजे के आसपास प्रस्तावित है। कार्यक्रमों के अनुसार समय में अंतर संभव है। भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के अनुसार, करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे तथा प्रमुख आयोजन स्थलों की निगरानी के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Loading