सिरसा में लापता इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी और बेटी के शव नहर से बरामद, पत्नी की तलाश जारी; CCTV में आखिरी बार बाइक पर दिखा परिवार

3
Sirsa News

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र से लापता इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी भरत सिंह सहारण (45) और उनकी इकलौती बेटी लता (24) के शव राजस्थान की राजकनाल से बरामद हुए हैं। कारोबारी की पत्नी मंजू का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से नहर में लगातार तलाश अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार, गांव ढाणी शेरां वाली निवासी भरत सिंह सहारण ऐलनाबाद के नोहर रोड पर गणपति इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते थे। वह 16 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे पत्नी मंजू और बेटी लता के साथ बाइक पर घर से निकले थे। इसके बाद तीनों का परिवार से संपर्क टूट गया। काफी तलाश करने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर भरत सिंह के मौसेरे भाई कलवंत सिंह ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच के दौरान कारोबारी के मोबाइल की आखिरी लोकेशन मसीतां हेड के पास मिली। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तीनों बाइक पर जाते दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राजकनाल के आसपास तलाश शुरू की। गांव के सरपंच नत्थूराम के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र स्थित डबली गांव के पास नहर में एक युवती का शव दिखाई दिया। पहचान करने पर वह लता का शव निकला। सूचना मिलने के बाद ऐलनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान तेज किया गया। इसी दौरान नहर से परिवार की बाइक भी बरामद हुई। सोमवार को तलाश के दौरान भरत सिंह सहारण का शव भी मिल गया। इसके बाद पुलिस ने लापता मंजू की तलाश के लिए अभियान जारी रखा। राजस्थान पुलिस और स्थानीय ग्रामीण भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। ऐलनाबाद थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कारोबारी और उनकी बेटी के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि महिला की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि परिजनों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस हादसे, आत्महत्या अथवा अन्य संभावित परिस्थितियों की जांच करेगी। किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

Loading