करनाल। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में हाईवे-5 पर हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के करनाल जिले के 24 वर्षीय युवक जसकीरत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके साथ कार में सवार पंजाब के तीन युवक घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक जसकीरत करनाल के गांव रत्तक का रहने वाला था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह ब्रिटिश कोलंबिया के मेरिट क्षेत्र के पास हुआ। जसकीरत अपने तीन दोस्तों के साथ सफेद रंग की टोयोटा कार में सरे से एडमंटन की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर विपरीत दिशा से आ रही काले रंग की टोयोटा टकोमा ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में जसकीरत की जान चली गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूसरी कार का चालक 22 वर्षीय युवक था, जिस पर नशे की हालत में गलत दिशा में वाहन चलाने का आरोप है। बताया गया है कि कनाडाई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, हादसे की विस्तृत जांच जारी है। घायलों में से दो युवकों को एयरलिफ्ट करके केलोना और कैमलूप्स के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि तीसरे युवक का उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। घायल युवकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं हुई है। जसकीरत के माता-पिता ने उसके शव की पहचान की है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, जसकीरत के पिता किसान हैं और परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। वह कनाडा में अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, हाल ही में उसका इमिग्रेशन संबंधी मामला अनुकूल रूप से निपटा था और उसे स्थायी निवास मिलने की उम्मीद थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जसकीरत के पार्थिव शरीर को भारत लाने और घायल युवकों के उपचार में सहायता के लिए दोस्तों तथा परिजनों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म गोफंडमी पर आर्थिक सहयोग की अपील की है।
![]()











