सफीदों में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व

1
Safidon Dussehra

रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले बने आकर्षण का केंद्र

दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक: आचार्य विकास

सफीदों (एस• के• मित्तल) : नगर के रामलीला मैदान में दशहरा कमेटी के तत्वावधान में दशहरा पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी आचार्य विकास कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अधलखा और समाजसेवी चेतन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दशहरा कमेटी के प्रधान जसविंद्र सिंह ने की। कमेटी की ओर से अतिथियों का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि समाजसेवी आचार्य विकास कुमार ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध और बुराइयों को समाप्त करने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देते हैं। पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। आचार्य विकास कुमार ने कहा कि समाज में सद्भाव, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी ऐसे पर्वों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण में अच्छाई अपनाने और बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।
बाक्स:
70 फीट के रावण का हुआ दहन
समारोह का मुख्य आकर्षण 70 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और 60 फीट ऊंचा मेघनाथ का पुतला रहा। दशहरा कमेटी ने दावा किया कि ये तीनों पुतले पूरे जींद जिले में सबसे ऊंचे थे। शाम को श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की शोभायात्रा आयोजन स्थल पर पहुंची, जिसके बाद विधिवत रावण दहन किया गया। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया।
बाक्स:
हनुमान टोलियों ने बांधा समां
दशहरा पर्व पर रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर रौनक रही। विभिन्न गांवों और नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना की। नगर की हनुमान टोलियां गाजे-बाजे के साथ भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंचीं। परंपरा के अनुसार टोलियों ने अपने हाथों में लिए सोटे से रावण के पुतले पर प्रहार किया। श्रद्धालुओं ने हनुमान स्वरूपों से आशीर्वाद भी लिया।
बाक्स:
रावण के पुतले की पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालु
दशहरा पर्व पर रामलीला मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों को देखने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। अनेक लोगों ने रावण दहन से पहले पुतलों के पास पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मेले का आनंद लिया और धार्मिक परंपराओं में भागीदारी की।
बाक्स:
बाजार की रौनक ने बढ़ाया दशहरे का उत्साह
दशहरा पर्व के अवसर पर रामलीला मैदान के आसपास बाजार में विशेष रौनक देखने को मिली। खानपान, जलेबी और अन्य सामान की दुकानें सजी रहीं, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों और परिवारों में मेले को लेकर खास उत्साह रहा। दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही।
फोटो कैप्शन 20एसएफडीएम1.: पूतला दहन कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुख्यातिथि आचार्य विकास कुमार।

Loading