सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की नई अनाज मंडी में धान के सीजन के बीच गुरुवार को व्यापारियों और मार्केट कमेटी चेयरमैन के बीच टकराव हो गया। कच्चा आढ़ती संघ, पक्का आढ़ती संघ और अन्य व्यापारियों ने मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कार्यालय के बाहर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। धरने की अगुवाई पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष चंद्र जैन ने की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि जब तक चेयरमैन को पद से नहीं हटाया जाता या वह सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक धान की खरीद-बिक्री बंद रखी जाएगी और धरना जारी रहेगा।
बॉक्स:
सीजन में बाधा डालने का लगाया आरोप
धरने पर बैठे व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी धान के सीजन के बीच मंडी की सुचारू व्यवस्था में बाधा डाल रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, मंडी में किसानों से खरीदे गए धान की बोरियों में भराई के बाद मंडी से बाहर न जाने देने वह गेट पास जारी न करने की धमकी चेयरमैन ने दी है। व्यापारियों का कहना था कि यदि माल को इसी प्रकार रोका गया तो मंडी में जाम लगने के साथ अव्यवस्था फैल जाएगी और किसानों व आढ़तियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष चंद्र जैन व कच्चा आढ़ती के प्रधान गणेशी लाल गर्ग ने कहा कि मंडी में धान की खरीद-बिक्री नियमानुसार हो रही है और व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन जानबूझकर अड़चनें पैदा कर रहे हैं। व्यापारियों ने चेयरमैन पर सुविधा शुल्क ऐंठने की मंशा रखने का आरोप भी लगाया।
बॉक्स:
पिछले साल भी पैदा हुई थी ऐसी स्थिति
व्यापारियों का कहना था कि जब से चंद्र सिंह सैनी ने मार्केट कमेटी चेयरमैन का पद संभाला है, तब से धान के सीजन के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर विवाद पैदा हो रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछले वर्ष भी सीजन के बीच ऐसी ही स्थिति बनी थी। आढ़तियों ने कहा कि सफीदों मंडी धान के भाव, खरीद-बिक्री और उठान के मामले में प्रदेश की अग्रणी मंडियों में शामिल है, लेकिन मौजूदा विवाद से मंडी की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। व्यापारियों ने बताया कि वे इस मामले में मार्केट कमेटी सचिव से भी मिले थे, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।
बॉक्स:
चेयरमैन ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी ने व्यापारियों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें मंडी को नियमों के अनुसार सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके अनुसार, मंडी में व्यापारियों द्वारा भारी अनियमितताएं की जा रही हैं और उन्होंने इन्हीं अनियमितताओं का विरोध किया है। चेयरमैन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग भी की।
बॉक्स:
वहीं, मार्केट कमेटी सचिव मनोज पराशर ने कहा कि मंडी में धान की खरीद नियमित रूप से की जा रही है और पूरे मामले का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
![]()











