बोले : मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत सफीदों विधानसभा क्षेत्र में नोटिसों की सुनवाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस अभियान के तहत मतदाताओं को जारी किए गए कुल 37 हजार 886 नोटिसों का निपटान गत दिवस तक कर दिया गया है। यह जानकारी सफीदों के एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी पुलकित मल्होत्रा ने वीरवार को दी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि एसआईआर-2026 के दौरान मतदाता सूचियों को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर कार्य किया गया। इस दौरान मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनकी सुनवाई की गई तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मामलों का निपटान किया गया। एसडीएम ने बताया कि अभियान के दौरान पात्र नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां भी प्राप्त की गईं। इसके तहत नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर-6 के माध्यम से 2 हज़ार 342 आवेदन, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म नंबर-7 के माध्यम से 688 आवेदन तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर-8 के माध्यम से 2 हजार 294 आवेदन प्राप्त हुए।मल्होत्रा ने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गणना प्रपत्रों के वितरण, नोटिसों की सुनवाई की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण किया। उन्होंने एसआईआर के कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न राजनीतिक दलों व आम जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना संभव हुआ है।एसडीएम ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम तथा अन्य विवरण अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या उसके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
![]()











