बाजारों में कड़ी होगी सुरक्षा, स्पेशल नाके लगेंगे; चौपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक

9
Diwali Security

बाजारों के आसपास लगाए जाएंगे स्पेशल नाके

हिसार में आगामी दिवाली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।

एसपी सिद्धांत जैन के निर्देशों पर शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है। दिवाली के दौरान बाजारों के चारों ओर विशेष नाके लगाए जाएंगे। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों में चौपहिया वाहनों की एंट्री रोकने की योजना बनाई गई है, ताकि लोगों को खरीदारी के दौरान जाम और आवागमन की परेशानी से बचाया जा सके।

नगर निगम के साथ मिलकर तैयार किया ट्रैफिक प्लान

त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर योजना तैयार की है। इसका उद्देश्य बाजारों में वाहनों की अनावश्यक आवाजाही कम करना और पैदल चलने वाले लोगों के लिए रास्ता सुगम बनाना है।

पुलिस प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और व्यस्त बाजारों में विशेष निगरानी रखेगी। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नाकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने पर जोर दिया जाएगा।

चोरी और जेबकतरी रोकने के लिए सादे कपड़ों में तैनाती

दिवाली के दौरान बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, जेबकतरी और स्नेचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इसके लिए पुलिसकर्मियों की पैदल गश्त बढ़ाई जा रही है। साथ ही सादे कपड़ों में भी जवानों को तैनात किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

पुलिस की प्राथमिकता त्योहार के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की है। लोगों से भी अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने सामान का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Loading