बैंक चोरी मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 7 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके

12
Police Remand

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बैंक चोरी के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। सीआईए कोसली की टीम ने वर्ष 2024 में कोसली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव कोंडरा निवासी सतेंद्र उर्फ सिट्टू के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

खिड़की तोड़कर बैंक में घुसे थे चोर

पुलिस के अनुसार, 28 दिसंबर 2024 की रात चोरों ने कोसली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। आरोपी बैंक परिसर के बगल में लगी खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे।

बैंक के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने स्ट्रांग रूम और गन बॉक्स को गैस कटर से काटने का प्रयास किया। हालांकि, वे नकदी या अन्य संपत्ति चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद आरोपी बैंक से तीन लेजर प्रिंटर, चार बड़ी बैटरियां और एक सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर ले गए थे।

अगले दिन बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोसली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सात आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार

सीआईए कोसली पुलिस इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव बरीगमा निवासी सन्नी कुमार उर्फ सन्नी, हाथरस जिले के गांव शहबाजपुर निवासी जितेंद्र उर्फ मोनू, शिकंदरा राव निवासी युसूफ, गांव नंगला शीशगर निवासी कफिल, हसायन निवासी राज रोशन उर्फ कृष्णा, सोनू और बालकिशन शामिल हैं।

अब सतेंद्र उर्फ सिट्टू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। दो दिन के रिमांड के दौरान मामले में उसकी भूमिका और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।

Loading