हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार दोपहर भाखरी गांव में डंपिंग यार्ड को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। धरने पर बैठे ग्रामीणों को हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पुलिस द्वारा धरनास्थल से ग्रामीणों को हटाने की कार्रवाई शुरू किए जाने पर विरोध बढ़ गया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की ओर से पथराव किए जाने की सूचना है। घटना में चार पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, अरावली क्षेत्र में बसे भाखरी गांव में नगर निगम की ओर से डंपिंग यार्ड बनाया जा रहा है। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं और पिछले 11 दिनों से धरना देकर निर्माण का विरोध जता रहे हैं। शनिवार को धरना हटाने पहुंची पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्थिति बिगड़ गई।
महिलाएं लाठी लेकर सड़क पर बैठीं
धरना हटाने की कार्रवाई के विरोध में महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं। महिलाएं लाठियां लेकर कुर्सियां डालकर बैठ गईं और विरोध जताने लगीं। हालात बिगड़ने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने महिला प्रदर्शनकारियों को भी वहां से हटाया और कुछ महिलाओं को पुलिस वैन में बैठाया गया।
इसके बाद जेसीबी की मदद से धरनास्थल पर लगाया गया टेंट भी हटवा दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं।
20 लोगों को हिरासत में लिया
झड़प और पथराव के दौरान चार पुलिस कर्मचारियों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
डंपिंग यार्ड के विरोध में 11 दिन से धरना
भाखरी गांव के ग्रामीण नगर निगम की डंपिंग यार्ड परियोजना का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों की ओर से लगातार धरना दिया जा रहा था। शनिवार को पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। घटना के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
![]()











