महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से छेड़छाड़ का आरोपी कैब ड्राइवर गिरफ्तार, फर्जी ID से बुकिंग ऐप पर था सक्रिय

11
Gurugram News

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ कथित उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कैब बुकिंग ऐप पर जाहिद खान के नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूंह जिले के घासेड़ा गांव निवासी यासिर (26) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने महिला के साथ हैरासमेंट करने की बात स्वीकार की है।

जानकारी के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर की तड़के करीब 4 बजे की है। महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर तनीषा ने दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम स्थित अपने घर जाने के लिए कैब बुक की थी। आरोप है कि यात्रा पूरी होने के बाद ड्राइवर ने महिला से तय किराए से अधिक रकम की मांग की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने महिला का हाथ मरोड़ दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि कैब ड्राइवर ने उनके घर तक पीछा भी किया। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यासिर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कैब बुकिंग ऐप पर जाहिद खान के नाम से फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर यात्रियों को ले जाता था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने फर्जी पहचान क्यों बनाई थी और इसे तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी या नहीं।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने फर्जी पहचान के जरिए पहले भी किसी अन्य यात्री को कैब सेवा दी थी या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Loading