दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए करें जल्द पंजीकरण: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

9
Lado Lakshmi Yojana
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। योजना के इस नए चरण में पात्रता के दायरे को बढ़ाते हुए अब 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी शामिल कर लिया गया है। इस योजना का लाभ मिलने के बाद भी उनके सारे सरकारी लाभ जारी रहेंगे। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थी महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। योजना के दूसरे चरण के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरे प्रदेश में शुरू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती है। आवेदन की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। डिजिटल माध्यम से पात्र महिलाएं अपने स्मार्टफोन पर लाडो लक्ष्मी योजना डाउनलोड कर घर बैठे अपना पंजीकरण कर सकती है। इसके अलावा, जो महिलाएं ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना चाहती हैं, वे अपने नजदीकी समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, सीएससी सेंटर के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे योजना की पात्रता सुनिश्चित करने के बाद बिना किसी देरी के अपना पंजीकरण करवाएं और योजना के तहत मिलने वाली 2100 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता का लाभ उठाएं।

Loading